भारत में मौसम की भविष्यवाणी अब पहले से कहीं ज्यादा सटीकः डॉ. जितेन्द्र सिंह

युगवार्ता    29-Apr-2026
Total Views |
नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित मौसम विभाग मुख्यालय में एक “सेल्फी पॉइंट” पर डॉ. जितेन्द्र सिंह


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में मौसम की भविष्यवाणी अब पहले से कहीं ज्यादा सटीक हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के डॉप्लर वेदर राडार नेटवर्क को पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ाया गया है। 2014 में जहां देश में सिर्फ 14 राडार थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 50 हो गई है यानी 250 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी।

बुधवार को मौसम विभाग परिसर में सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन करते हुए डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि इस प्वाइंट का उद्देश्य सटीक और समय पर मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने में वायुमंडलीय अवलोकनों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘मिशन मौसम’ के तहत 50 और राडार लगाने की तैयारी में है। इन राडारों की मदद से अब आंधी-तूफान, भारी बारिश, चक्रवातका पहले से ज्यादा सही और समय पर अनुमान लगाया जा सकता है। अब मौसम विभाग “नाउकास्ट” सेवा भी दे रहा है, जिसमें अगले 3 घंटे का बेहद सटीक लोकल मौसम बताया जाता है।

उन्होंने कहा कि डॉप्लर राडार खास तकनीक से हवा और बारिश की गति मापते हैं, जिससे यह भी पता चलता है कि बारिश कितनी तेज होगी, ओले पड़ेंगे या नहीं, और बूंदों का आकार क्या होगा। मंत्री ने कहा कि अब लोग घर से निकलने से पहले मोबाइल पर मौसम जरूर देखते हैं, जिससे साफ है कि मौसम पूर्वानुमान पर लोगों का भरोसा बढ़ा है।

सेल्फी प्वाइंट का उद्देश्य सटीक और समय पर मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने में वायुमंडलीय अवलोकनों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना है। आगंतुकों को आकर्षित करने और जागरूकता फैलाने के लिए डिज़ाइन किया गया यह प्वाइंट दर्शाता है कि कैसे वायुमंडल की निरंतर निगरानी से प्रारंभिक चेतावनी संभव होती है, किसानों को सहायता मिलती है और देश भर में आपदा तैयारियों को मजबूती मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags