नेपाल में काठमांडू के रिंगरोड निर्माण के लिए 687 करोड़ रुपये का अनुदान देगा चीन

युगवार्ता    29-Apr-2026
Total Views |
नेपाल चीन के बीच सम्झौता


काठमांडू, 29 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में सरकार गठन के बाद चीन के साथ पहला समझौता हुआ है। इसके तहत चीन काठमांडू के रिंग रोड के निर्माण के लिए 1100 करोड़ नेपाली रुपये (लगभग 687 करोड़ रुपये) का अनुदान देगा।

नेपाल के भौतिक अवसंरचना, परिवहन एवं शहरी विकास मंत्री सुनील लम्साल और चीन के राजदूत झेंग मोमिंग के बीच बुधवार को हुई बैठक के दौरान समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के अनुसार रिंगरोड विस्तार के दूसरे चरण में काठमांडू के कलंकी से वसुंधरा तक 8.2 किलोमीटर सड़क एवं पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए चीन सरकार करीब 11०० करोड़ नेपाली रुपये की अनुदान सहायता उपलब्ध कराएगी। इससे पहले वर्ष 2019 से शुरू किए गए पहले चरण में कोटेश्वर से कलंकी तक सड़क विस्तार का कार्य पूरा हो चुका है।

समझौते के बाद मंत्री सुनील लम्साल ने मीडियाकर्मियों से कहा कि परियोजना के कार्यान्वयन के दौरान यदि कोई समस्या आती है तो उसे एक दिन के भीतर समाधान करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर-दक्षिण संपर्क सड़क निर्माण सरकार की प्राथमिकता में है और नेपाल के अवसंरचना विकास में चीन सरकार से और अधिक निवेश की अपेक्षा है।

वहीं, चीनी राजदूत झेंग ने कहा कि यदि उपयुक्त निवेश वातावरण तैयार किया जाए तो चीन के कई निवेशक नेपाल में निवेश करने के इच्छुक हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags