
मीरजापुर,29 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार सुबह मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे और विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन प्रधान अर्चक अगस्त्य कुमार द्विवेदी और धीरज मिश्र ने कराया। पूजन के बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
इस अवसर पर उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल के लिए एक विशेष दिन है, क्योंकि यहां के नागरिक आज सेकेंड फेज का मतदान कर रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक मतदान करें। नितिन नवीन ने कहा कि हम पश्चिम बंगाल को सुरक्षित बनाने के लिए प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।
नितिन नवीन ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने से राज्य में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार हर वर्ग के लोगों के लिए काम करेगी और सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास करेगी।
उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मत का प्रयोग अवश्य करें, क्योंकि यह उनके भविष्य का सवाल है। उन्होंने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का अधिकार है और इसे निभाना उनकी जिम्मेदारी भी है। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सुधार लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बंगाल का तेजी से विकास करेगी।
इस दौरान उनके साथ एमएलसी विनीत सिंह,मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल,जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज,जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार,पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित कई वरिष्ठ नेता व अधिकारी मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के बाद वह कार्यकर्ताओं से भेंट कर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा