
उन्नाव, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र स्थित बक्सर सुमेरपुर मार्ग पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई हैं। मृतकों में देवरानी-जेठानी और ड्राइवर भी शामिल है। हादसे में पांच घायलों का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा व पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
जिलाधिकारी मीणा ने बताया कि ग्राम पठई अकोहरी निवासी नरेंद्र बहादुर के परिवार में तीन वर्षीय पुत्र शुभ का मुंडन कराने के लिए बक्सर स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में गए थे। बुधवार काे मुंडन कराकर वापस बोलेरे कार से लौट रहे थे। बक्सर सुमेरपुर मार्ग पर एचपी पेट्रोल पम्प ग्राम सुमेरपुर के पास ओवरटेक करते समय उनकी बाेलेराे एक डंपर से टकरा हो गई। उन्हाेंने बताया कि हादसे में 11 लोग गम्भीर रुप से घायल लाेगाें काे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने पठई निवासी बुजुर्ग महिला वितान (55), नरेंद्र बहादुर की पत्नी गीता (35) और सुनीता को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत नाजुक होने पर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दाैरान चालक रामधनी, अर्चना सिंह और ज्योति की भी मौत हो गई। घायल सूरज सिंह, भारती, सुभाष सिंह, गौरी और बउआ का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित