
नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स)। आर्थिक र्मोचे पर झटका लगने वाली खबर है। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट दर्ज हुई है। 27 मार्च को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.06 अरब डॉलर रह गया है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 मार्च को समाप्त हफ्ते में 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.06 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले हफ्ते में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 11.413 अरब डॉलर घटकर 698.34 अरब डॉलर रहा था।
केंद्रीय बैंक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 27 मार्च को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां इस अवधि में 6.62 अरब डॉलर घटकर 551.07 अरब डॉलर रह गईं। इस दौरान उसके स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 3.66 अरब डॉलर घटकर 113.52 अरब डॉलर रह गया है।
आरबीआई के अनुसार 27 मार्च को समाप्त हफ्ते में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 1.7 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.64 अरब डॉलर हो गए। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित निधि 1.7 करोड़ डॉलर घटकर 4.81 अरब डॉलर रह गई।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने से पहले 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से रुपया लगातार दबाव में है, और आरबीआई डॉलर की बिक्री के जरिये विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप कर रहा है। इसके साथ ही रुपये की गिरावट को रोकने के लिए कुछ बड़े नीतिगत कदम भी उठाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर