एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026: भारत ने पक्के किए तीन पदक, निखत, प्रिया और प्रीति सेमीफाइनल में पहुंचीं

युगवार्ता    03-Apr-2026
Total Views |
भारतीय मुक्केबाज निखत जरीन


नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। मंगोलिया के उलानबटार में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक पक्के कर लिए हैं। पांचवें दिन निखत जरीन, प्रिया और प्रीति पवार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में निखत जरीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फिलीपींस की शियान बागुहिन को पहले ही राउंड में आरएससी के जरिए हराया। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला चीन की वू यू से होगा, जो पेरिस 2024 ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता हैं।

महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया ने बेहतरीन संयम और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए चीन की चेंग्यू यांग को 4-1 से हराया। अब उनका सामना फाइनल में जगह बनाने के लिए मंगोलिया की नामून मोंखोर से होगा।

वहीं, महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने दिन का सबसे दमदार प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की मुंगुंतसेत्सेंग को 5-0 से एकतरफा हराया। प्रीति अब सेमीफाइनल में कोरिया की इम एजी से भिड़ेंगी, जो पेरिस 2024 ओलंपिक और 2025 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता हैं।

हालांकि पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में भारत को झटका लगा, जहां दीपक को जॉर्डन के जियाद एशाश के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और वह क्वार्टरफाइनल में ही बाहर हो गए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags