होर्मुज संकट का असर गहरा, सुधार में लगेंगे महीने : यूएन प्रमुख

युगवार्ता    30-Apr-2026
Total Views |

न्यूयॉर्क, 30 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान से जुड़े मौजूदा संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावटों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि इस संकट का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहराई से पड़ रहा है और हालात सामान्य होने में लंबा समय लग सकता है।

गुटेरेस के अनुसार, होर्मुज जैसे अहम समुद्री मार्ग में बाधा आने से दुनिया भर की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह स्थिति वैश्विक अर्थव्यवस्था को दबाव में ला रही है और व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति तथा कीमतों पर इसका सीधा असर देखा जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही हालात तुरंत सामान्य हो जाएं, लेकिन सप्लाई चेन को पटरी पर लौटने में कई महीने लग सकते हैं। इस दौरान वस्तुओं की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं और आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी रहने की आशंका है।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संयम बरतने और स्थिति को जल्द स्थिर करने के प्रयास तेज करने की अपील की है। उनका कहना है कि इस तरह के संकट का असर केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर महसूस किया जाता है।

गुटेरेस की इस चेतावनी को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है, जो आने वाले समय में व्यापार और महंगाई पर असर डाल सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags