रेलटेल का चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, आय 1680 करोड़ पहुंची

युगवार्ता    30-Apr-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी की कुल आय 1680 करोड़ रुपये रही, जबकि शुद्ध लाभ 142 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने गुरुवार को बताया कि उसकी ऑपरेटिंग इनकम 1669 करोड़ रुपये रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 83 प्रतिशत ज्यादा है। इसी अवधि में कंपनी का टर्नओवर 82 प्रतिशत और मुनाफा 127 प्रतिशत बढ़ा है।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो रेलटेल ने 4328 करोड़ रुपये का कुल टर्नओवर और 346 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया। यह पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 22 प्रतिशत और 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने कहा कि चौथी तिमाही में कंपनी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले तीन वर्षों से लगातार आय और मुनाफे में वृद्धि टीम के प्रयासों को दर्शाती है। कंपनी के पास 11,466 करोड़ रुपये का मजबूत ऑर्डर बुक है, जिससे आने वाले समय में आय बढ़ने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि रेलटेल भारतीय रेलवे के तहत एक नवरत्न पीएसयू है, जो देशभर में टेलीकॉम और आईटी सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी का विशाल ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और वाई-फाई इंफ्रास्ट्रक्चर हजारों रेलवे स्टेशनों पर सेवाएं दे रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags