
हैदराबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। रियल कश्मीर एफसी ने स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2025-26 के रेलेगेशन चरण के मुकाबले में गोकुलम केरल एफसी को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। डेक्कन एरिना में खेले गए इस मैच में कश्मीर की टीम ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और मौके भुनाने में सफल रही।
मैच का पहला गोल 26वें मिनट में गोकुलम केरल के डिफेंडर विटोर बाराटा के आत्मघाती गोल के रूप में आया, जिससे रियल कश्मीर को बढ़त मिली। इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में टीम ने तेजी दिखाई और 49वें मिनट में शेड्रैक चार्ल्स ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। महज तीन मिनट बाद मोहम्मद इनाम ने तीसरा गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
गोकुलम केरल की मुश्किलें पहले हाफ में ही बढ़ गई थीं, जब खिलाड़ी बूबा अमीनू को दूसरा पीला कार्ड मिलने के बाद मैदान छोड़ना पड़ा। 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही टीम ने कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में नाकाम रही।
रियल कश्मीर ने पूरे मैच में बेहतर तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया। टीम के खिलाड़ियों ने सेट-पीस का अच्छा इस्तेमाल किया और विपक्षी गोलकीपर की गलतियों का फायदा उठाया। खासकर तीसरा गोल गोकुलम केरल की डिफेंसिव चूक का नतीजा था, जिसे मोहम्मद इनाम ने शानदार तरीके से भुनाया।
इस जीत के साथ रियल कश्मीर ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं गोकुलम केरल के लिए यह हार चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि टीम अभी भी रेलेगेशन के खतरे से जूझ रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय