
दमन, 30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रति सम्मान जताने के लिए वापी गुजरात के एक युवा कलाकार ने अपनी अनोखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। ‘क्रिएटिव करण’ के नाम से पहचान रखने वाले करण विश्वकर्मा ने धोनी का 25 फीट लंबा भव्य स्केच बनाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
इस विशाल कलाकृति के पीछे करण की कड़ी मेहनत छिपी है। स्केच तैयार करने के लिए 500 से अधिक A4 साइज के पेपर का उपयोग किया गया। हर कागज पर चित्र का अलग हिस्सा बनाया गया और बाद में उन्हें इस तरह जोड़ा गया कि एक 25 फीट का जीवंत चित्र तैयार हो गया। इस पूरी प्रक्रिया में करण को लगातार 7 दिन लगे।
यह अनोखी कला दमन के मोटी दमन किले के पास लाइटहाउस क्षेत्र में तैयार की गई। समुद्र किनारे तेज हवाओं के कारण पेपर्स को स्थिर रखना एक बड़ी चुनौती थी। कई बार कागज उड़ने की स्थिति भी बनी, लेकिन करण ने धैर्य के साथ अपनी कला को पूरा किया।
करण के अनुसार, धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह मैदान पर कम नजर आते हैं, इसलिए अपने पसंदीदा खिलाड़ी के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए उन्होंने यह अनोखा तरीका चुना। उनकी इच्छा है कि यह कलाकृति सोशल मीडिया के जरिए खुद महेंद्र सिंह धोनी तक पहुंचे।
फिलहाल यह विशाल स्केच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दमन आने वाले पर्यटक व स्थानीय लोग करण की इस अद्भुत कला की जमकर सराहना कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे