
काठमांडू, 06 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोमवार को विदेश मंत्री शिशिर खनाल से शिष्टाचार मुलाकात की। सिंहदरबार स्थित विदेश मंत्रालय में हुई इस भेंट के दौरान राजदूत श्रीवास्तव ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की ओर से मंत्री खनाल को बधाई और शुभकामना संदेश सौंपा।
नई सरकार के गठन के बाद भारत की ओर से उच्च स्तर पर यह एक महत्वपूर्ण मुलाकात मानी जा रही है। बैठक के दौरान नेपाल और भारत के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा द्विपक्षीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने बताया कि विशेष रूप से कनेक्टिविटी, ऊर्जा व्यापार और लंबित विकास परियोजनाओं के विषय में संक्षिप्त बातचीत की गई। राजदूत श्रीवास्तव ने नेपाल के विकास प्रयासों में भारत के निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि राजदूत श्रीवास्तव ने मंत्री खनाल को पदभार संभालने पर बधाई देते हुए नेपाल-भारत संबंधों और पारस्परिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास