नेपाल सुप्रीम कोर्ट का फैसला- ओली और रमेश लेखक को 3 दिन में पूछताछ करके छोड़ने का आदेश

युगवार्ता    06-Apr-2026
Total Views |
हिरासत में रहे पूर्व प्रधानमंत्री ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक


काठमांडू, 06 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को पुलिस रिमांड के दौरान तीन दिनों के भीतर पूछताछ पूरी करके गुरुवार को रिहा करने का आदेश दिया है।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि जिला अदालत से दी गई पुलिस रिमांड की अवधि पूरी की जाएगी, लेकिन इसके बाद रिमांड आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि अब और रिमांड नहीं मिलेगा, इसलिए शेष पूछताछ निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाए। अदालत ने विशेष रूप से आदेश दिया है कि ओली और लेखक से तीन दिनों के भीतर पूरी पूछताछ कर ली जाए और गुरुवार को दोनों नेताओं को रिहा करे।

इसके साथ ही जेन-जी प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर गोली चलाने के मामले में आगे की जांच हिरासत से बाहर रखकर जांच की बाकी प्रक्रिया को पूरा करने का आदेश दिया गया है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब सितंबर, 2025 में हुए जेन-जी प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और गोलीबारी को लेकर देशभर में राजनीतिक और कानूनी बहस जारी है।

अदालत के इस निर्देश के बाद अब पुलिस पर तय समय के भीतर जांच पूरी करने का दबाव बढ़ गया है, जबकि आगे की कानूनी प्रक्रिया हिरासत के बाहर से ही आगे बढ़ाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags