विनय मुरलीधर टोंसे ने यस बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ का पदभार संभाला

युगवार्ता    06-Apr-2026
Total Views |
विनय मुरलीधर टोंसे का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स)। विनय मुरलीधर टोंसे ने सोमवार को यस बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया। टोंसे ने प्रशांत कुमार की जगह ली है, जिनका विस्तारित कार्यकाल पांच अप्रैल को पूरा हो गया।

विनय मुरलीधर टोंसे को आधिकारिक तौर पर मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पद पर तीन साल के लिए नियुक्त किया गया है। उन्होंने छह अप्रैल से एमडी एवं सीईओ का पदभार ग्रहण कर लिया है, जो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की मंजूरी और शेयरधारकों की स्वीकृति के अधीन है। यस बैंक के मुताबिक 35 साल से ज्यादा के कार्य अनुभव रखने वाले बैंकिंग क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ टोंसे ने बैंक के विकास के अगले चरण का नेतृत्व करने के लिए प्रशांत कुमार की जगह ली है। टोंसे ने ट्रेजरी, खुदरा बैंकिंग, कॉरपोरेट बैंकिंग, अंतरराष्ट्रीय परिचालन और परिसंपत्ति प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में काम किया है। वह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags