
- वन विभाग में मचा हड़कंप,पशु चिकित्साधिकारी के साथ वन विभाग के अधिकारी जांच में जुटे
लखीमपुर खीरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भीरा क्षेत्र में मंगलवार काे एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां एक कृषि भूमि यानी खेत में बड़ी संख्या में गिद्ध मृत और बेहोशी की हालत में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार खेत में करीब 25 गिद्ध मृत अवस्था में मिले जबकि 05 गिद्ध बेहोशी की हालत में पाए गए। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी, रेंज स्टाफ और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हेमंत कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण शुरू किया।
मौके पर पहुंची टीम ने बेहोश गिद्धों का तत्काल उपचार शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से यह घटना हो सकती है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
वन विभाग ने मृत गिद्धों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।
भीरा रेंज के रेंजर सतीश चंद्र वर्मा ने बताया कि टीम के साथ मौके का जायजा लिया गया है और मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव