केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को ‘वीमेन इन द वूम ऑफ टाइम’ पुस्तक का करेंगे लोकार्पण

युगवार्ता    07-Apr-2026
Total Views |
केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की फाइल फोटो।


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत दिल्ली स्थित इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) में बुधवार को ‘वीमेन इन द वूम ऑफ टाइम’ पुस्तक का लोकार्पण करेंगे।

आईजीएनसीए के अनुसार कला निधि प्रभाग की ओर से पुस्तक लोकार्पण और विचार-गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस पुस्तक के लेखक मुकुल कुमार हैं। इसका प्रकाशन ‘वीमेन इन द वूम ऑफ टाइम: अनवीलिंग एंशिएंट फेमिनिज्म' (समय के गर्भ में स्त्रियां: प्राचीन स्त्री विमर्श का अनावरण) ब्लू वन इंक ने किया है। यह पुस्तक प्राचीन भारतीय परम्परा में नारी के स्वरूप और विमर्श को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है जो समकालीन संदर्भों में भी अत्यंत प्रासंगिक है।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजेन्द्र सिंह शेखावत और विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्म विभूषण से सम्मानित नृत्यांगना एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सोनल मानसिंह सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजीएनसीए ट्रस्ट के अध्यक्ष राम बहादुर राय करेंगे।

विचार-गोष्ठी में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, सोनीपत की पूर्व कुलपति प्रो. सुषमा यादव, दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व प्रोफेसर एवं लेखिका प्रो. मालाश्री लाल, दौलत राम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सविता रॉय तथा आईजीएनसीए के डीन व कला निधि प्रभाग के प्रमुख प्रो. (डॉ.) रमेश चन्द्र गौड़ शामिल रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags