साइबर स्लेवरी गिरोह का सक्रिय सदस्य मुंबई से गिरफ्तार

युगवार्ता    08-Apr-2026
Total Views |
फाइल फोटो


- युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बंधक बनाकर उनसे ऑनलाइन करवाता था ठगीरांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को मुंबई के डोंगरी इलाके से दाऊद अहमद नामक एक मुख्य एजेंट को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से बिहार के पटना का निवासी है। वह साइबर स्लेवरी गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो झारखंड के युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बंधक बनाकर म्यांमार स्थित एक फर्म में उनसे ऑनलाइन ठगी करवाता था। आरोपित के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पासपोर्ट और अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं।

सीआईडी के डीएसपी नेहा बाला ने बुधवार को बताया कि पूरा मामला युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बंधक बनाकर ऑनलाइन ठगी कराने का है। आरोपित विदेश के साइबर अपराधियों के साथ मिलकर साजिश रचता था। वह भारत के युवाओं को विदेश में आकर्षक नौकरी का प्रलोभन देकर उन्हें भर्ती करता था। उसके बाद सभी को विदेश भेजकर निवेश घोटाले, डिजिटल अरेस्ट और अन्य प्रकार की साइबर ठगी कराता था।

यह नेटवर्क झारखंड के भोले-भाले युवाओं को म्यांमार के साइबर पार्क भेजता था, जहां युवाओं को जबरन ऑनलाइन धोखाधड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए मजबूर किया जाता था। गहन और विस्तृत जांच के आधार पर इस कांड में लिप्त मुख्य एजेंट दाऊद अहमद को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। इसी मामले में पूर्व में उसके एक मुख्य सहयोगी जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र निवासी सरताज को गिरफ्तार किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags