मप्र के बड़वानी जिले में महसूस किए गए भूकंप के झटके, 3.6 रही तीव्रता

युगवार्ता    08-Apr-2026
Total Views |
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की सोशल साइट से ली गई तस्वीर


बड़वानी, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिपुरा में बुधवार दोपहर को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इस दौरान लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया एक्स पर भूकंप की जानकारी साझा की है। केंद्र के अनुसार दोपहर 12 बजकर 48 मिनट 53 सेकंड पर यह भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई है और इसका केन्द्र मप्र के इंदौर शहर से 145 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बड़वानी जिले में 10 किमी गहराई पर था।

मोहिपुरा में लगभग 2 मिनट तक कंपन महसूस हुआ। भूकंप के झटके महसूस होते ही ग्रामीण डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने घरों में रखे बर्तन, फर्नीचर और पंखों को हिलते देखा।

स्थानीय निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि दोपहर जब वे घर पर सो रहे थे, तभी तेज झटका लगा। इसके बाद वे तुरंत बाहर निकले और आसपास के लोगों से जानकारी ली, तब पता चला कि यह भूकंप के झटके थे। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है।

बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा सागर पावर स्टेशन की भूकंप वेधशाला में लगी सिस्मोमीटर मशीन में भी 12 बजकर 48 मिनट पर भूकंप की तीव्रता दर्ज की गई है। भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर को बड़वानी जिले के अंजड़ क्षेत्र में हलचल दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags