
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स)। केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल गुरुवार को भूटान की 4 दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वह प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, उनकी ये यात्रा जलविद्युत क्षेत्र में भारत-भूटान सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से है।
विद्युत मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि विद्युत मंत्री मनोहर लाल भारत और भूटान के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष रूप से जलविद्युत और ऊर्जा क्षेत्रों में भूटान की चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा के दौरान विद्युत मंत्री प्रमुख द्विपक्षीय पनबिजली परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिनमें पुनात्सांगछू-I और पुनात्सांगछू-II पनबिजली परियोजनाएं शामिल हैं। ये परियोजनाएं भारत-भूटान ऊर्जा सहयोग ढांचे के केंद्र में हैं। इसके अलावा वे महत्वपूर्ण परियोजना-संबंधी कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे और इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन तथा संचालन में शामिल अधिकारियों एवं तकनीकी टीमों के साथ बातचीत करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने, सीमा-पार बिजली व्यापार को बढ़ाने और भूटान के सामाजिक-आर्थिक विकास में सहायता करने के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। जलविद्युत सहयोग भारत-भूटान संबंधों का एक मुख्य आधार बना हुआ है, जो सतत ऊर्जा उत्पादन और मज़बूत आर्थिक संबंधों के माध्यम से दोनों पक्षों को पारस्परिक लाभ पहुचाता है।
उल्लेखनीय है कि विद्युत मंत्री के दौरे में भूटान के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ चर्चाएं भी मख्य रूप से शामिल होंगी, जिनका उद्देश्य आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाना है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर