महाराष्ट्र के नासिक आईटी कंपनी में धर्म परिवर्तन मामले की छानबीन की जाएगी: देवेंद्र फडणवीस

युगवार्ता    09-Apr-2026
Total Views |

मुंबई, 09 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि नासिक आईटी कंपनी में धर्म परिवर्तन मामले की गहन छानबीन की जाएगी और आरोपितों को कठोर सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है, मामले की जांच सही दिशा में चल रही है।

नासिक जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप कर्णिक ने मीडिया को बताया कि शहर में एक मल्टीनेशनल आईटी कंपनी के ऑफिस में ८ महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़ और एक महिला कर्मी के साथ यौन उत्पीड़न का मामला देवलाली और मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। इन मामलों में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त संदीप मिटके की अध्यक्षता में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) गठित की गई है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीडि़ता और संदिग्ध आरोपित 2022 से मुंबई नाका पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में चलने वाली एक मल्टीनेशनल कंपनी के ऑफिस में अलग-अलग पदों पर काम कर रहे थे। ऑफि़स में काम करते समय आरोपित पीडि़त महिलाओं के साथ बदतमीजी करते थे और हिंदू धर्म के खिलाफ बात करते थे। एक पीड़िता का धर्म परिवर्तन कर उसके साथ यौन शोषण भी किया गया है।

पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर ८ छेड़छाड़ के और एक यौन उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज किया है। इन मामलों में दानिश शेख, तौसीफ अत्तर, निदा खान, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक को पुणे से गिरफ्तार किया गया, जबकि बाकी पांच को नासिक शहर के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया। इन सभी मामलों की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags