बिहार के सरकारी स्कूल में अवैध शराब पाए जाने के मामले में एनएचआरसी ने लिया संज्ञान

युगवार्ता    09-Apr-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बिहार के बेगुसराय जिला स्थित सिस्वा क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में बड़ी मात्रा में रखी शराब को शीतल पेय समझकर एक छात्र के सेवन करने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने गुरुवार को राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग के मुताबिक, 08 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को इस क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के जर्जर शौचालय में बोतलों में भरी हुई अवैध शराब को शीतल पेय समझकर चौथी कक्षा के एक छात्र ने गलती से पी ली। छात्र नशे की हालत में घर लौटा। छात्र के परिवार ने घटना की सूचना स्कूल अधिकारियों को दी और मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। खबरों के अनुसार, पुलिस ने शौचालय से लगभग 204 लीटर अवैध शराब से भरे कुल 23 कार्टन जब्त किए हैं।

उल्लेखनीय है कि यह घटना 05 अप्रैल 2016 से लागू शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध के बीच घटी है, जब बिहार को शुष्क राज्य घोषित किया गया था।

आयोग ने रिपोर्ट में बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति और जांच संबंधी जानकारी शामिल करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags