
नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात के शहर अहमदाबाद स्थित मेम नगर क्षेत्र में एक छात्रावास से भोजन खाने के बाद करीब 18 युवतियों के बीमार होने के मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने गुरुवार को राज्य के मुख्य सचिव और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग के मुताबिक, गत 05 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस क्षेत्र के एक छात्रावास में भोजन करने के बाद लगभग 18 युवतियों ने पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत की। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य युवतियों को चिकित्सा निगरानी में रखा गया।
आयोग ने रिपोर्ट में पीड़ित युवतियों के स्वास्थ्य की स्थिति के साथ-साथ जांच का विवरण भी शामिल होने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी