नितिन गडकरी ने छत्रपति शिवाजी के बहुआयामी संग्रहालय का किया उद्घाटन

युगवार्ता    09-Apr-2026
Total Views |
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी छत्रपति शिवाजी भवन में 'बहुआयामी संग्रहालय' का उद्घाटन के दौरान।


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को दिल्ली के कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया में स्थित छत्रपति शिवाजी भवन में एक 'बहुआयामी संग्रहालय' का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी मौजूद रहे।

इस मौके पर नितिन गडकरी ने छत्रपति शिवाजी महाराज भवन में अपने संबोधन में शिवाजी को आदर्श राजा, आदर्श पिता, आदर्श पुत्र और आदर्श प्रशासक बताया। उन्होंने कहा कि वह सभी आदर्शों से परिपूर्ण थे।

गडकरी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित यह संग्रहालय आधुनिक तकनीक के उपयोग से बनाया गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज का जाज्वल्य इतिहास आधुनिक तकनीक के माध्यम से आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में यह संग्रहालय महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उन्होंने कहा कि भूतकाल का इतिहास महत्वपूर्ण है, जिसका वर्तमान में स्मरण करने से ही भविष्य की नीतियां बनाई जा सकती हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज समस्त भारतवर्ष के प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों पर आधारित भविष्य के युवा का चरित्र निर्माण करने से ही आत्मनिर्भर और विश्वगुरु भारत का हमारा सपना और संकल्प साकार होगा।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि अपार वीरता, कुशल नेतृत्व और हिंदू स्वराज के संस्थापक के रूप में प्रतिबिंबित सभी के प्रेरणास्रोत छत्रपति शिवाजी के जीवन के बारे में इस संग्रहालय से अधिक जानने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस भव्य संग्रहालय में छत्रपति शिवाजी के जीवन से जुड़ी वस्तुएं जैसे मुकुट और अस्त्र आदि भी प्रदर्शित किए गए हैं।

इस अवसर पर संग्रहालय कमेटी के अध्यक्ष विजय नवल पाटील, सिंघानिया युनिवर्सिटी के अध्यक्ष रवी सिंघानिया तथा संग्रहालय कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Tags