सिंघानिया विश्वविद्यालय करेगा एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2027 की मेजबानी

युगवार्ता    01-May-2026
Total Views |
सिंघानिया विश्वविद्यालय करेगा एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2027 की मेजबानी


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। विश्व पैरा थ्रोबॉल महासंघ (डब्ल्यूपीआईएफ) ने तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2027 के आयोजन की जिम्मेदारी पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीटीएफआई) को, सिंघानिया विश्वविद्यालय के सहयोग से सौंपी है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता राजस्थान के झुंझुनूं स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।

इस संबंध में शुक्रवार को जयपुर में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर विश्व पैरा थ्रोबॉल महासंघ की अध्यक्ष निर्मला रावत, डॉ. वी. अल्बर्ट प्रेमकुमार (संस्थापक एवं महासचिव, डब्ल्यूपीआईएफ), सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) तथा प्रो-प्रेसिडेंट एवं सीएफओ सुनील कुमार सोबती सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सिंघानिया विश्वविद्यालय इससे पहले फरवरी 2026 में राष्ट्रीय पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप की सफल मेजबानी कर चुका है। विश्वविद्यालय का विकसित खेल बुनियादी ढांचा और आयोजन अनुभव इसे इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उपयुक्त मंच बनाता है।

डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, वर्ष 2027 में होने वाली इस चैंपियनशिप में भारत सहित एशिया के 21 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इनमें कंबोडिया, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, यूएई, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, जापान और फिलीपींस सहित अन्य देश शामिल हैं। एमओयू कार्यक्रम में भारतीय पैरा थ्रोबॉल टीम के कप्तान प्रशांत और खिलाड़ी मालती इनामती सहित कई अंतरराष्ट्रीय पैरा पदक विजेता भी उपस्थित रहे।

डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि यह चैंपियनशिप एशिया में पैरा खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ समावेशिता और उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Tags