नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 15 जून से शुरू होंगी वाणिज्यिक उड़ानें, इंडिगो की फ्लाइट भरेगी पहली उड़ान

युगवार्ता    01-May-2026
Total Views |
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली/नोएडा, 01 मई (हि.स)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (एनआईए) 15 जून से यात्रियों के लिए खुल जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की है। पहले चरण में ये एयरपोर्ट 1.2 करोड़ यात्रियों को सेवा देगा, जिसे आगे चलकर 7 करोड़ तक ले जाने की योजना है।

एनआईए की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि 15 जून को वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन यहां से शुरू होगा। पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। कंपनी ने बताया कि उड़ानों के समय, गंतव्य और यात्री सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटन और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) की मंजूरी मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है। इस मंजूरी से यह पुष्टि होती है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रणाली, ढांचा और परिचालन प्रक्रियाएं वाणिज्यिक सेवाएं शुरू करने से पहले नियामकीय मानकों के अनुरूप हैं।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विकसित इस एयरपोर्ट में आधुनिक टर्मिनल, बुनियादी ढांचा और कुशल परिचालन की व्यवस्था की गई है। इस हवाई अड्डे का उद्देश्य यात्रियों को निर्बाध अनुभव प्रदान करना है। इसके साथ ही एयरलाइन कंपनियों को लागत-कुशल और भरोसेमंद परिचालन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों के अनुसार वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने से क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक वृद्धि, व्यापार, पर्यटन तथा निवेश को समर्थन मिलेगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रमुख घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जोड़ेगा। वर्तमान में यहां एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल है, जिसकी वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है, चरणबद्ध तरीके से इसकी क्षमता बढ़ाकर सात करोड़ से अधिक यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags