नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ‘ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक’ के तहत मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1,745 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इस कार्रवाई को छह महीने से अधिक समय तक चली खुफिया निगरानी और सूचनाओं के विश्लेषण के बाद अंजाम दिया गया। एनसीबी की टीमों ने नवी मुंबई के कलंबोली और ठाणे के भिवंडी लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में छापेमारी कर इस संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
पहले चरण की कार्रवाई में कलंबोली स्थित केडब्ल्यूसी वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक मारुति सुजुकी सुपर कैरी वाहन को रोका गया, जिसमें से 136 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई। तस्करों ने कोकीन को क्रिकेट पैड और ग्लव्स के अंदर छिपाकर रखा था। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर एनसीबी ने भिवंडी के एक गोदाम में छापा मारकर अतिरिक्त 213 किलोग्राम कोकीन बरामद की। जांच में सामने आया है कि ड्रग्स को आयातित मशीनरी के भीतर बने गुप्त खानों में छिपाकर भारत लाया गया था और फिर वेयरहाउस में स्टोर किया जाता था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस सफलता पर एनसीबी टीम को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार मादक पदार्थों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है और ड्रग कार्टेल को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनसीबी ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के गिरोह पर शिकंजा कसते हुए मुंबई में 1745 करोड़ रुपये मूल्य की 349 किलोग्राम उच्च-गुणवत्ता वाली कोकीन ज़ब्त की है। यह कार्रवाई छोटी खेप का पता लगाते हुए एक बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की “बॉटम-टू-टॉप” रणनीति का बेहतरीन उदाहरण है। इस शानदार सफलता के लिए टीम एनसीबी को बधाई।
सरकार ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़े कदम उठाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
एनसीबी अब इस सिंडिकेट के सरगना, फाइनेंसर और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, भारत में आमतौर पर एक साल में 200–300 किलोग्राम कोकीन ही जब्त होती है, ऐसे में यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार