
हॉर्सेन्स (डेनमार्क), 01 मई (हि.स.)। थॉमस कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में भारत बैडमिंटन टीम ने चीनी ताइपे बैडमिंटन टीम के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है। यह बढ़त भारत को लक्ष्य सेन की शानदार जीत से मिली। विश्व नंबर 11 लक्ष्य सेन ने पहले मुकाबले में दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी चोउ तिएन चेन को 18-21, 22-20, 21-17 से हराया। यह रोमांचक मुकाबला 1 घंटा 28 मिनट तक चला।
दो मैच प्वाइंट बचाकर पलटी बाजी
मैच से पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 4-4 से बराबर था, हालांकि हाल के मुकाबलों में लक्ष्य का पलड़ा भारी रहा था। पहले गेम में लक्ष्य ने अच्छी शुरुआत करते हुए 15-10 की बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद चोउ ने लगातार अंक लेकर 21-18 से गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में चोउ का दबदबा रहा और वह 13-7 से आगे थे। हालांकि लक्ष्य ने जबरदस्त वापसी करते हुए स्कोर 17-17 कर दिया। चोउ के पास दो मैच प्वाइंट भी थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखते हुए 22-20 से गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।
निर्णायक गेम में लक्ष्य ने शुरुआत से बढ़त बनाई और 18-12 तक पहुंच गए। चोउ ने वापसी की कोशिश करते हुए अंतर कम किया, लेकिन अंततः लक्ष्य ने 21-17 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।
आगे के मुकाबले
अब भारत बढ़त को मजबूत करने के इरादे से उतरेगा, जहां युगल मुकाबले में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का सामना चिउ ह्सियांग चीह और वांग ची-लिन से होगा।
अन्य मुकाबलों में आयुष शेट्टी का सामना विश्व नंबर 8 लिन चुन-यी से, हरिहरन अम्सकरुणन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी का मुकाबला लियू कुआंग हेंग और यांग पो-ह्सुआन से, जबकि किदांबी श्रीकांत का सामना ची यू जेन से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे