न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, मिशेल सेंटनर इंग्लैंड-आयरलैंड टेस्ट सीरीज से रहेंगे दूर

युगवार्ता    01-May-2026
Total Views |
न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के कप्तान मिशेल सेंटनर


ऑकलैंड, 01 मई (हि.स.)। न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के कप्तान मिशेल सेंटनर कंधे की गंभीर चोट के कारण कम से कम एक महीने के लिए क्रिकेट से दूर हो गए हैं। विशेषज्ञ से जांच के बाद उन्हें कम से कम एक महीने आराम और पुनर्वास की सलाह दी गई है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, स्कैन में उनके बाएं कंधे में ग्रेड-तीन एसीएल चोट की पुष्टि हुई है। 34 वर्षीय सेंटनर हाल ही में आईपीएल 2026 से लौटकर न्यूजीलैंड पहुंचे, जहां वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। सेंटनर को यह चोट 23 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते समय लगी थी। उन्होंने उस मैच में अपने पूरे ओवर डाले और 1 विकेट लिया, लेकिन बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को भेजा गया था।

इस चोट के चलते सेंटनर आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट (मई के अंत में) और इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट (जून की शुरुआत) में उपलब्ध नहीं रहेंगे। दूसरे और तीसरे टेस्ट में उनकी वापसी को लेकर बाद में फैसला लिया जाएगा।

आईपीएल और हालिया प्रदर्शन

सेंटनर को आईपीएल 2025 से पहले मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था और इस सीजन के लिए भी रिटेन किया गया था। आईपीएल 2025 में उन्होंने 13 मैचों में 10 विकेट लिए थे। हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया, जहां टीम भारत से हार गई। टूर्नामेंट में उन्होंने 120 रन बनाए और दो विकेट भी लिए। भले ही सेंटनर मई-जून के टेस्ट मुकाबले मिस करें, लेकिन उम्मीद है कि वह जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे पर एकदिवसीय और टी20 सीरीज में टीम की कप्तानी के लिए वापसी कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags