(अपडेट) बुद्ध पूर्णिमा पर सारनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, देश-विदेश के 01 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए अस्थि अवशेष के दर्शन

युगवार्ता    01-May-2026
Total Views |
बुद्ध पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेष के दर्शन करते श्रद्धालु


बुद्ध पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेष के दर्शन करते श्रद्धालु


भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेष का दर्शन करते बौद्ध श्रद्धालु


—200 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, ‘विश्व शांति’ विषय पर प्रतियोगिताएं

—सारनाथ में गूंजा भगवान बुद्ध का शांति संदेश, 2570वीं जयंती पर भव्य बौद्ध महोत्सव

वाराणसी, 01 मई (हि.स.)। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जहां देश-विदेश से आए 01 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेष का दर्शन किया।

इस अवसर पर सारनाथ में आयोजित 'बौद्ध महोत्सव' ने श्रद्धा, ज्ञान और संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती पर अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश), महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया और इंडो-श्रीलंका जम्बू द्वीप बुद्ध विहार, सारनाथ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

मूलगंध कुटी विहार में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन के बाद “विश्व शांति के लिए तथागत बुद्ध” विषय पर निबंध, चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और सांत्वना पुरस्कार दिए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में शीणा को प्रथम, सिद्धि जायसवाल को द्वितीय तथा आरव को तृतीय पुरस्कार तथा पांच अन्य प्रतिभागियों अंकित प्रजापति, अदिति भारद्वाज, सौभाग्य तिवारी, परी, आनंदी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी तरह निबंध प्रतियोगिता में रत्न प्रिया को प्रथम, पीहू सिंह को द्वितीय, लक्ष्मीना को तृतीय पुरस्कार तथा पांच अन्य प्रतिभागियों कृष्ण अवतार, आकांक्षा, दर्शिता पाण्डेय, सिमरन प्रजापति, शीतला प्रसाद को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान धम्म देशना, विपश्यना और परिचर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के उपदेशों को व्यवहार में लाने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे सेवा और करुणा का संदेश भी मजबूत हुआ।

इस अवसर पर महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया, सारनाथ के प्रभारी भिक्षु सुमित्थानंद, भिक्षु शीलवंश, संस्थान के सदस्य तरुणेश बौद्ध, डॉ. के. सिरी सुमेध थेरो, निदेशक डॉ. राकेश सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बिंजुलम पुण्यसार और शोध अधिकारी अरुणेश कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए बुद्ध के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

बुद्ध पूर्णिमा पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बयान जारी कर बताया कि बुद्ध पूर्णिमा का दिन भगवान गौतम बुद्ध के जीवन की तीन महत्वपूर्ण घटनाओं लुंबिनी में जन्म, बोधगया में ज्ञान प्राप्ति और कुशीनगर में महापरिनिर्वाण से जुड़ा है, जो इस दिन को और भी पवित्र बनाता है। उन्होंने बताया कि बुद्ध का संदेश पूरी दुनिया को शांति और करुणा का मार्ग दिखाता है।

उन्होंने कहा कि सारनाथ में आयोजित ऐसे कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में सहिष्णुता, जागरूकता और विश्व शांति का संदेश भी देते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags