बेरूत, 12 मई (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में हुए इजराइली हमले में दो पैरामेडिक्स की मौत के बाद लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में मृतक राहतकर्मियों के परिवारों और सिविल डिफेंस विभाग के प्रति संवेदना प्रकट की गई।
बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति औन ने बेहद कठिन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और लोगों की जान बचाने के लिए काम कर रहे सिविल डिफेंस कर्मियों के बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानवीय सेवा में लगे कर्मियों का साहस और समर्पण प्रशंसनीय है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने यह भी कहा कि यह हमला ऐसे समय हुआ जब युद्धविराम की घोषणा की जा चुकी थी। बयान के अनुसार राहत और मानवीय कार्यों में लगे लोगों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है।
दक्षिणी लेबनान में हाल के दिनों में तनाव लगातार बना हुआ है और सीमा क्षेत्रों में हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे हमलों के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ राहतकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय