
कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ मंगलवार को तापस राय ने ली। राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आर एन रवि ने उन्हें शपथ दिलाई।
सूत्रों के अनुसार आगामी 15 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है और तापस राय को ही स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
प्रोटेम स्पीकर के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह असम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हिमंत विश्व शर्मा के समारोह में शामिल हुए थे। वहां से कोलकाता लौटने के बाद शाम को वह सीधे लोक भवन पहुंचे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री और नवनिर्वाचित विधायक भी उपस्थित रहे।
शपथ लेने के बाद तापस राय ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को विधानसभा में विधायकों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसके बाद 15 मई, शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।
इस बीच मंगलवार से विधानसभा परिसर को भगवा रोशनी से सजाया गया। शाम होते ही विधानसभा भवन और आसपास के कई हिस्सों में भगवा रंग की रोशनी दिखाई दी। लोक भवन के बाहर लगे बैरिकेडों को भी भगवा रंग से सजाया गया है।
राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन फलता सीट पर दोबारा चुनाव होना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर दो-दो सीटों से चुनाव जीते हैं। ऐसे में बुधवार और गुरुवार को कुल 290 विधायक शपथ लेंगे। इन सभी को प्रोटेम स्पीकर तापस राय शपथ दिलाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, स्पीकर चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे सकते हैं।
बुधवार को पहले चरण में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अन्य मंत्रियों का विधायक के रूप में शपथग्रहण होगा। इसी चरण में उत्तर बंगाल और मुर्शिदाबाद के विजयी उम्मीदवार भी शपथ लेंगे। दूसरे चरण में नदिया और उत्तर तथा दक्षिण 24 परगना के निर्वाचित विधायक शपथ ग्रहण करेंगे।
गुरुवार को दूसरे चरण में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम के विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाई जाएगी। दूसरे चरण में पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम के निर्वाचित विधायक शपथ लेंगे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर