कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स की तैयारी तेज, नीरज-मनु को विदेशी ट्रेनिंग की मंजूरी

युगवार्ता    13-May-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने भारत के स्टार खिलाड़ियों के विदेशी प्रशिक्षण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इसमें दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा और निशानेबाज मनु भाकर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव एस. हरि रंजन राव की अध्यक्षता में हुई मिशन ओलंपिक सेल की 173वीं बैठक में नीरज चोपड़ा के 47 दिन के स्विट्जरलैंड प्रशिक्षण शिविर को हरी झंडी दी गई। वर्तमान में पीठ की चोट से उबर रहे नीरज तुर्किये में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं और 25 मई से 10 जुलाई तक स्विट्जरलैंड के बिएन स्थित ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर में अभ्यास करेंगे।

हरियाणा के 28 वर्षीय भाला फेंक खिलाड़ी ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2018 तथा 2022 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया था। इस बार भी उनसे स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। प्रशिक्षण दौरे पर उनके साथ लंबे समय से जुड़े फिजियोथेरेपिस्ट ईशान मरवाहा और कोच जय चौधरी भी रहेंगे।

एमओसी ने स्टार पिस्टल शूटर मनु भाकर के इटली के लुक्का में प्रशिक्षण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। 13 से 22 मई तक चलने वाले इस कैंप में उनके साथ कोच जसपाल राणा और फिजियोथेरेपिस्ट स्नेहिल खुराना मौजूद रहेंगे। पेरिस ओलंपिक 2024 की दोहरी पदक विजेता मनु आगामी एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में भारत की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।

इसके अलावा, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह को भी अमेरिका में प्रशिक्षण और प्रतियोगिता एक्सपोजर के लिए मंजूरी मिली है। गुलवीर 15 मई से 17 जून तक अमेरिका में ट्रेनिंग के साथ लॉस एंजिलिस और नैशविल में होने वाली प्रतिष्ठित दौड़ों में हिस्सा लेंगे।

खेल मंत्रालय का मानना है कि इन विदेशी प्रशिक्षण शिविरों से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी और अनुभव मिलेगा, जो आगामी बड़े टूर्नामेंटों में भारत के पदक अभियान को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags