
दतिया, 13 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। उन्होंने यहां विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा धाम में मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर में धूमावती माई की आरती में हिस्सा लिया और देश व भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
गौतम गंभीर की श्री पीतांबरा पीठ में गहरी आस्था है। वह इससे पहले भी कई बार दतिया आ चुके हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप के दौरान भी मां पीतांबरा देवी के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया था। गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम की बड़ी प्रतियोगिताओं से पहले यहां आते रहे हैं, इसीलिए उनका यह दौरा भी चर्चा का विषय बन गया है। जैसे ही उनके मंदिर पहुंचने की खबर फैली, बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्रिकेट फैंस मंदिर परिसर में पहुंच गए। हर कोई अपने पसंदीदा क्रिकेटर और भारतीय टीम के मुख्य कोच की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आया।
गंभीर जैसे ही पीतांबरा पीठ पहुंचे, परिसर के आसपास श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी। लोगों में उन्हें करीब से देखने और तस्वीरें लेने का काफी उत्साह दिखाई दिया। जिला प्रशासन और पुलिस ने मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए थे। मंदिर के मुख्य मार्गों और परिसर में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। इन अतिरिक्त व्यवस्थाओं के चलते भीड़ के बावजूद दर्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर