
धर्मशाला, 13 मई (हि.स.)। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में वीरवार को आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच भिड़ंत होगी। धर्मशाला में आईपीएल सीजन का यह दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इससे पूर्व बीते 11 मई को पंजाब और दिल्ली के बीच मैच खेल गया था जिसमें मेजबान पंजाब को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अब वीरवार को पंजाब किंग्स इलेवन की टीम प्लेऑफ व पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स के साथ मैच खेलेगी।
धर्मशाला स्टेडियम में वीरवार को शाम साढ़े सात बजे पंजाब व मुंबई आमने-सामने होंगे। लगातार चार हार के बाद अब मेज़बान पंजाब किंग्स पर हर हाल में जीत दर्ज करने का दबाव होगा। सीजन में पहले सात मुकाबलों में से छह में जीत दर्ज करने के बाद लगातार मिल रही हार से अब पंजाब को प्लेऑफ में बने रहने के लिए पूरी जोर-आजमाईश करनी होगी।
गौरतलब है कि मुंबई के स्टार खिलाड़ी हिट-मेन रोहित शर्मा, टी-20 के कैप्टन सूर्या कुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांडया व तिलक वर्मा सहित अन्य बड़े नाम होने के बावजूद टीम नौवें पायदान पर है, वह एलमिनेट भी हो चुकी है। धर्मशाला मुकाबले के लिए मुंबई के कैप्टन हार्दिक पांडया व सूर्या कुमार यादव धर्मशाला नहीं आए हैं। ऐसे में उक्त दोनों दिग्गज के बिना टीम मैदान में उतरेगी, एमआई की ओर से यंग ब्रिगेड को मौका दिए जाने की बातें चल रही हैं। सितारों से सजी हुई मुंबई इंडियन्स इस सीजन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई है, और सबसे पहले प्लेऑफ की दौड़ से एलिमनेट हो चुकी है। ऐसे में अब मुंबई की टीम पंजाब किंग्स का खेल बिगाड़ भी सकती है। पंजाब ने शुरूआत से ही बेहतरीन खेल दिखाते हुए लगातार छह मैच जीते थे, जबकि अब धर्मशाला में लगातार चौथी हार भी हो चुकी है। ऐसे में पंजाब को प्लेऑफ में बने रहने के लिए अपने आगामी मैच जीतना जरूरी हो गया है। आईपीएल के 19वें सीजन में पंजाब अब भी लगातार चौथी हार के बाद चौथे स्थान पर है, जबकि मुंबई सीजन में मात्र तीन जीत व आठ हार के साथ नौवें स्थान पर है। ऐसे में धर्मशाला में होने वाला मुकाबला पंजाब के लिए अहम होगा। पंजाब जीत की लय में वापिस लौटना चाहेगी, वहीं मुंंबई पांच बार की चैंपियन रह चुकी है, जोकि अपनी मान-मर्यादा के लिए भिड़ेगी।
धर्मशाला में पंजाब मुंबई पर रहा है भारी
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच टक्कर हमेशा कांटे की रही है। 35 मुकाबलों में दोनों टीमें बराबरी पर हैं, यानी पंजाब व मुंबई ने 18-17 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, धर्मशाला में हिसाब दो-एक का है। धर्मशाला में आईपीएल में तीन बार पंजाब व मुंबई आमने-सामने हुए हैं, जिसमें पीबीकेएस ने दो बार जबकि एमआई के खाते में एक जीत आई है। हालांकि पिछले सीजन में पंजाब व मुंबई का धर्मशाला में होने वाला मैच अहमदाबाद शिफ्ट कर दिया गया था। अब पंजाब की नज़रें आज हर हाल में वापसी कर प्लेऑफ में बने रहने को जीत की दरकार होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया