असम में 21 करोड़ की हेरोइन व अफीम के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

युगवार्ता    14-May-2026
Total Views |
Image of the Seized Heroin and Opium Worth Over ₹21 Crore in Assam and Five Arrested Accused.


गुवाहाटी, 14 मई, (हि.स.)। असम में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कामरूप पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमीनगांव में एक बस से करीब 21 करोड़ 36 लाख मूल्य की हेरोइन और अफीम बरामद की है। इस मामले में पांच कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

असम पुलिस के सीपीआरओ ने गुरवार काे बताया कि, गुप्त सूचना मिली थी कि मणिपुर के क्वाक्टा से पड़ोसी राज्य की ओर जा रही बस संख्या एएस 06 एसी 7555 के जरिए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया था कि बस में कोई सामान्य यात्री नहीं है और उसमें केवल तस्कर सवार हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अमीनगांव में बस को रोककर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान बस में बने गुप्त खाने से 197 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 2.561 किलो हेरोइन और 8 किलो अफीम बरामद की गई।

पुलिस ने इस सिलसिले में अब्दुल लतीफ (33), मोहम्मद ताहेर अली (38), मोहम्मद इस्लामुद्दीन (38), मोहम्मद लतीप (30) और मोहम्मद अजमेर (37) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मणिपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और नेटवर्क के विस्तार का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags