राहुल गांधी के विदेश दौरे पर हुए खर्च को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल

युगवार्ता    14-May-2026
Total Views |
भाजपा सांसद डॉ संबित पात्रा


नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर हुए खर्च को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने कहा कि वर्ष 2004 से 2026 तक राहुल गांधी कुल 54 बार विदेश यात्रा पर गए, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। पार्टी ने आरोप लगाया कि इन यात्राओं की फंडिंग और विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

भाजपा प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी ने 54 बार विदेश यात्रा अपने खर्चे पर की जिस पर 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। इन यात्राओं में अमेरिका, इटली, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, वियतनाम, कम्बोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, यूएई और हाल में ओमान-मस्कट की यात्राएं शामिल हैं। अधिकांश यात्राओं के प्रेस इटिनरी, संसदीय रिकॉर्ड और फोटो ट्रेल सार्वजनिक हैं, लेकिन इनका वित्तीय स्रोत स्पष्ट नहीं है।

संबित पात्रा ने कहा कि 2013-14 से 2022-23 के बीच राहुल गांधी की घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही, जबकि विदेश यात्राओं पर कथित खर्च 60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। साफ है कि “आय और खर्च के बीच बड़ा अंतर” है।

कुछ यात्राओं का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2015 में दक्षिण-पूर्व एशिया यात्रा पर कथित तौर पर 4.5 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि उस वर्ष राहुल गांधी की घोषित आय 86.55 लाख रुपये थी। इसी तरह दिसंबर 2025 में लंदन और बर्लिन यात्रा पर 1.4 करोड़ रुपये, सितंबर-अक्टूबर 2025 में लैटिन अमेरिका यात्रा पर 5.5 करोड़ रुपये और अप्रैल 2025 में बोस्टन यात्रा पर 1.2 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया।

संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 में दुबई और मई 2026 में मस्कट की यात्राएं “अघोषित” थीं। इन यात्राओं के संबंध में सीआरपीएफ द्वारा पत्र लिखे गए, जिनमें नो प्रोग्राम, नो होस्ट डिस्क्लोजर और सीक्रेट ट्रिप जैसे उल्लेख थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय कानून, विशेषकर एफसीआरए से जुड़े प्रावधानों के तहत किसी सांसद या सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति को विदेशी आतिथ्य स्वीकार करने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन यात्राओं का खर्च किसी विदेशी स्रोत ने उठाया, तो उसकी अनुमति और रिकॉर्ड सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए।

भाजपा नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खरगे को लिखे कथित सीआरपीएफ पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि दिसंबर 2024 से सितंबर 2025 के बीच छह अघोषित विदेश यात्राएं हुईं, जिनमें आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।

भाजपा नेता ने कांग्रेस से सवाल पूछे कि राहुल की मई 2026 में ओमान यात्रा का खर्च किसने उठाया? यदि किसी विदेशी संस्था ने खर्च उठाया तो अनुमति पत्र सार्वजनिक किया जाए। यदि यात्रा निजी खर्च पर हुई तो बैंक स्टेटमेंट, फॉरेक्स बाउचर या पार्टी रिकॉर्ड जारी किए जाएं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags