
गांधीनगर, 14 मई (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत गुरुवार को ट्रेन से हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचे। उन्होंने ईंधन बचत और स्वदेशी अपनाने का संदेश देते हुए कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से गुरुकुल कुरुक्षेत्र तक साइकिल चलाकर लोगों को जागरूक किया।
राज्यपाल ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी वस्तुओं की खरीद कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि जब तक देश में ईंधन की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक उन्होंने राज्य के कार्यक्रमों के लिए हवाई यात्रा और हेलिकॉप्टर का उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया है। साथ ही अपने काफिले में वाहनों की संख्या भी सीमित कर दी है।
राज्यपाल गुजरात से कुरुक्षेत्र तक ट्रेन से यात्रा कर सुबह करीब 9:30 बजे शताब्दी एक्सप्रेस से कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां गुरुकुल परिवार द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय मार्ग तक साइकिल यात्रा की और गुरुकुल पहुंचे। इस यात्रा में उनके साथ ओएसडी डॉ. राजेंद्र विद्यालंकार, गौरव आर्य और लगभग 200 साइकिल सवार शामिल हुए।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे ईंधन बचत का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि देश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि गुजरात के सभी राज्य विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने तथा सार्वजनिक परिवहन, साइकिल या इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने ग्राम कल्याण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि वे गुजरात में प्रत्येक सप्ताह एक गांव का दौरा करते हैं और सरकारी स्कूल में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों को प्राकृतिक खेती, नशामुक्ति, वृक्षारोपण, स्वच्छता और संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए प्रेरित करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र गुरुकुल में पिछले 10 वर्षों से 200 एकड़ में सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती की जा रही है। इसी मॉडल को गुजरात में अभियान के रूप में लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज 8.50 लाख किसान प्राकृतिक खेती की ओर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले कई किसान प्रति एकड़ सालाना 5 से 8 लाख रुपये तक की बचत कर रहे हैं और भूमि की उर्वरता भी बढ़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे