ईरानी विदेश मंत्री ने ब्रिक्स देशों से अमेरिका-इजराइल की निंदा का किया आह्वान

युगवार्ता    14-May-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सदस्य देशों से अमेरिका और इज़राइल के कथित अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघनों की स्पष्ट निंदा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ की गई ‘अवैध आक्रामक कार्रवाई’ संयुक्त राष्ट्र चार्टर के खिलाफ है और ब्रिक्स देशों को ‘युद्धोन्माद’ रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की भारत मंडपम में आयोजित बैठक में अराघची ने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के ‘राजनीतिक इस्तेमाल’ को रोकने की भी मांग की। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि अमेरिका की दबाव और धमकी की राजनीति का सामना केवल ईरान ही नहीं बल्कि कई विकासशील देश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्रीय अस्थिरता संघर्ष को बढ़ावा देने वाले देशों सहित सभी देशों के लिए नुकसानदायक साबित होती है।

अराघची ने कहा कि अब समय आ गया है कि विश्व समुदाय मिलकर ऐसी नीतियों को इतिहास के कूड़ेदान में भेजे। उन्होंने ब्रिक्स को उभरती वैश्विक व्यवस्था का प्रतीक बताया और कहा कि ग्लोबल साउथ अब विश्व व्यवस्था के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह नई व्यवस्था अभी नाजुक स्थिति में है और पुरानी महाशक्तियां इसे कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags