
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स)। वैश्विक-भू राजनीतिक संकट के बीच हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 790 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 789.74 अंक यानी 1.06 फीसदी की उछाल के साथ 75,398.72 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान मजबूत शुरुआती की लेकिन जल्द ही यह नकारात्मक क्षेत्र में चला गया। हालांकि, दूरसंचार और बैंकिंग के शेयरों में खरीदारी लौटने से यह एक समय 1,000 अंक से ज्यादा चढ़कर 75,681.88 अंक के स्तर तक पहुंच गया था।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 277 अंक यानी 1.18 फीसदी की बढ़त के साथ 23,689.60 के स्तर पर बंद हुआ है। इस तरह शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख कायम रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल में सर्वाधिक पांच फीसदी से अधिक की तेजी आई। कारोबार के दौरान दूरसंचार, दवा और निजी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी आने से शेयर बाजार को मजबूती मिली। वहीं, आईटी के शेयरों में आज बिकवाली रही।
इसके अलावा चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि हांगकांग का हैंगसेंग स्थिर रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में भारतीय रुपया आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले और कमजोर होकर रिकॉर्ड निचले स्तर 95.73 (अस्थायी) पर रहा।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले घरेलू शेयर बाजार में बढ़त रही। सेंसेक्स 50 अंक की तेजी के साथ 74,609 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 33 अंक की तेजी के साथ 23,413 के स्तर पर बंद हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर