
मुरादाबाद, 14 मई (हि.स.)। ब्रास सिटी क्रिकेट मिलेनियम टूर्नामेंट में गुरुवार को एनएस क्रिकेट एकेडमी ने द मिलेनियम क्रिकेट की टीम को 86 रन से हरा दिया। एनएस क्रिकेट एकेडमी के अली शान को शानदार गेंदबाजी प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि एनएस क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में मिलेनियम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एनएस क्रिकेट एकेडमी ने 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 312 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अली अकबर ने सर्वाधिक 78 रन की शानदार पारी खेली। समीर ने 55 रन बनाकर टीम को मजबूती दी, जबकि इंसाफ अली ने 33 व प्रियांशु ने 19 रन का योगदान दिया। जावेद ने अंत में नाबाद 18 रन बनाकर स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मिलेनियम की टीम 37.2 ओवर में 226 रन पर सिमट गई। टीम के लिए शिवम सिंह ने 75 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। नावेद ने 27 रन बनाए, जबकि शाने आलम और हर्ष ने 32-32 रन का योगदान दिया। एनएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से अली शान ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। शानदार गेंदबाजी के लिए अली शान को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल