रणदीप हुड्डा ने लीक हुई तस्वीरों पर तोड़ी चुप्पी

युगवार्ता    14-May-2026
Total Views |
रणदीप हुड्डा - फोटो सोर्स एक्स


हाल के दिनों में रामायण, किंग और 'इंस्पेक्टर अविनाश' के दूसरे सीजन से जुड़े लुक और सीन सोशल मीडिया पर लीक होने की घटनाएं चर्चा में रही हैं। अब अभिनेता रणदीप हुड्डा ने फिल्म सेट से होने वाले इन लीक्स पर खुलकर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि सेट से वायरल होने वाली तस्वीरें या वीडियो हमेशा गलती से लीक नहीं होते, बल्कि कई बार यह सोची-समझी प्रचार रणनीति का हिस्सा होते हैं।

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में रणदीप ने कहा कि उन्हें गहरा संदेह है कि कई लीक्स जानबूझकर किए जाते हैं, क्योंकि यह पब्लिसिटी का एक बेहतरीन जरिया बन चुका है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि बहुत कुछ जानबूझकर ही किया जाता है। हालांकि यह दुखद है, लेकिन कई लोग अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं और जानबूझकर हंगामा खड़ा करते हैं। रणदीप के मुताबिक, सोशल मीडिया पर किसी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा बढ़ाने के लिए ऐसे लीक्स का इस्तेमाल अब आम होता जा रहा है।

'इंस्पेक्टर अविनाश' के निर्देशक नीरज पाठक ने सोशल मीडिया लीक्स को क्रिएटर्स के लिए बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि फिल्मकार सालों तक कहानी और किरदारों पर मेहनत करते हैं ताकि दर्शकों के लिए सरप्राइज बना रहे, लेकिन ऑनलाइन क्लिप लीक होने से पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। बता दें कि 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' करीब तीन साल बाद वापसी कर रहा है। 90 के दशक के उत्तर प्रदेश की सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह सीरीज 15 मई को जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags