यूपी टी-20 सीजन चार होगा और भव्य, 14 अगस्त से ग्रीनपार्क में मुकाबले : डॉ संजय कपूर

युगवार्ता    14-May-2026
Total Views |
पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते डॉक्टर संजय कपूर


कानपुर, 13 मई (हि.स.)। ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के सीजन चार का आयोजन 14 अगस्त से छह सितंबर 2026 तक किया जाएगा। यूपी टी-20 के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार लीग को और अधिक भव्य बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में कानपुर सुपर स्टार, लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायन्स, काशी रूद्रास, मेरठ मेवरिक्स और नोएडा सुपरकिंग्स फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।

डॉ कपूर ने बताया कि इस बार लीग का उद्देश्य यूपी टी-20 को देश की “मिनी आईपीएल” के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि प्रदेश के 75 जिलों और करीब 25 करोड़ लोगों की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि लीग का आयोजन “कंसोलिडेशन एंड डिलीवरी” की थीम के साथ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि फ्रेंचाइजी न्यूनतम छह और अधिकतम बारह खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी। प्रत्येक टीम में तेईस से पच्चीस खिलाड़ी शामिल होंगे, जिनमें नीलामी के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय कैचमेंट क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीम के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपये निर्धारित किया गया है और उभरते खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम फीस संरचना को जारी रखा गया है।

डॉ कपूर ने बताया कि ट्रांसफर विंडो एक जून से पंद्रह जून तक और ट्रायल विंडो एक जून से 30 जून तक संचालित होगी। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उनका विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि ट्रायल की शुरुआत एक जून से काशी रूद्रास के साथ होगी। इसके बाद मेरठ मेवरिक्स, लखनऊ फाल्कन्स, गोरखपुर लायन्स और नोएडा किंग्स के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। सबसे आखिर में कानपुर सुपरस्टार्स के ट्रायल 26 से 30 जून के बीच होंगे। इस प्रक्रिया के जरिए प्रत्येक टीम के लिए 25 खिलाड़ियों का मजबूत स्क्वॉड तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 सीजन चार का प्रसारण सोनी नेटवर्क द्वारा किया जाएगा। सोनी को ब्रॉडकास्ट पार्टनर और सोनी लिव को डिजिटल पार्टनर बनाया गया है। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। डॉ कपूर ने कहा कि लीग को दुनिया के करीब 200 देशों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों का अनुमान है कि अगले तीन वर्षों में लीग के कुल व्यूज 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएंगे।

डॉ कपूर ने बताया कि इस बार लीग में क्रिकेट के साथ ग्लैमर का तड़का भी देखने को मिलेगा। कई बड़े सेलिब्रिटी पार्टनरशिप और ऑनरशिप मॉडल के जरिए लीग से जुड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित इक्विटी भागीदारी के माध्यम से ब्रांडिंग और प्रमोशन को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नीलामी के बाद सभी फ्रेंचाइजी शहरों में ट्रॉफी टूर आयोजित किए जाएंगे, जिससे खेल प्रेमियों और प्रशंसकों के बीच जुड़ाव और उत्साह को बढ़ावा मिलेगा। इसके तहत विजेता ट्रॉफी को प्रदेश के प्रमुख शहरों में प्रदर्शित किया जाएगा ताकि आम लोग भी लीग के रोमांच से जुड़ सकें।

डॉ कपूर ने कहा कि लीग को और अधिक पेशेवर बनाने के लिए रिटेंशन पॉलिसी, खिलाड़ियों के पर्स की सीमा और ट्रांसफर विंडो की समय सीमा तय कर दी गई है। इससे फ्रेंचाइजी मालिकों और खिलाड़ियों के बीच पारदर्शी व्यवस्था बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि संचालन उत्कृष्टता, व्यावसायिक विस्तार और जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास पर विशेष ध्यान देते हुए यूपीसीए का लक्ष्य यूपी टी-20 लीग को देश की सबसे प्रतिस्पर्धी और पेशेवर घरेलू टी-20 लीगों में शामिल करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Tags