लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर उतरी एयर इंडिया की पहली वाणिज्यिक उड़ान

युगवार्ता    15-May-2026
Total Views |
हलवारा हवाई अड्डे पर उतरने वाली दिल्ली से एयर इंडिया की एक उड़ान का फोटो


हलवारा हवाई अड्डे पर उतरने वाली दिल्ली से एयर इंडिया की एक उड़ान का फोटो


चंडीगढ़, 15 मई (हि.स)। नई दिल्ली से एयर इंडिया की एक उड़ान शुक्रवार सुबह पंजाब के लुधियाना स्थित हलवारा हवाई अड्डे पर उतरने वाली पहली वाणिज्यिक उड़ान बन गई। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राज्य के कुछ पार्टी नेताओं के साथ दिल्ली से हलवारा आ रही इस पहली फ्लाइट में सफर किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी में जालंधर यात्रा के दौरान लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया था।

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उड़ान के नवनिर्मित हवाई अड्डे पर उतरने के बाद जानकारी दी कि एयर इंडिया ने नई दिल्ली से हलवारा और हलवारा से दिल्ली तक अपनी पहली उड़ानें सफलतापूर्वक पूरी कर ली हैं। इन दोनों यात्राओं के दौरान ग्राउंड स्टाफ़ और बेहतरीन ऑनबोर्ड क्रू ने अपनी ज़िम्मेदारी से बढ़कर काम किया। उन्होंने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें एक सहज, विश्व-स्तरीय यात्रा अनुभव सुनिश्चित किया।

बिट्टू ने कहा कि आज हलवारा हवाई अड्डे पर मिले अपार और गर्मजोशी भरे स्वागत से, मैं अत्यंत भावुक हूं। लुधियाना के अपने भाइयों-बहनों के चेहरों पर खुशी एवं उत्साह देखकर यह यात्रा और भी खास बन गई। बिट्टू ने कहा कि दिल्ली से यह उड़ान पंजाब के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है। 30 साल का इंतजार आखिरकार इस विमान के यहां उतरने के साथ समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्योग और आर्थिक वृद्धि को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

बिट्टू ने हाल ही में कहा था कि शुरुआत में दिल्ली और हलवारा के बीच प्रतिदिन दो उड़ानें, एक सुबह और एक दोपहर संचालित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के संपर्क में बड़ा सुधार होगा। यह राज्य में यात्रा, व्यापार एवं समग्र आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देगा। मंत्री ने कहा कि पंजाब को यह उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बहुत धन्यवाद। लुधियाना में व्यापार और निर्यात के लिए अब असीम संभावनाएं हैं।

इस उड़ान में राज्यसभा के सदस्य विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता ने भी यात्रा की, जो हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावल भी इसमें सवार थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags