
मथुरा, 15 मई(हि.स.)। कान्हा की नगरी वृंदावन में आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन चुके श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में देश केसुप्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर ने शुक्रवार काे संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मुलाकात का एक वीडियो भी आश्रम ने जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार गायक कैलाश खेर ने पहले श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।इस दौरान कैलाश खेर पूरी तरह भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। उन्होंने महाराज के सम्मुख अपने प्रसिद्ध गीत बक्कड़ बम लहरी और 5 वर्ष की मीरा लाडली की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इस माैके पर भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम दिखा है। कैलाश खेर के भजनों को सुनकर प्रेमानंद महाराज भी मुस्कुरा उठे और उन्हें अपना स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया। महाराज से बातचीत के बाद गायक काफी अभिभूत नजर आए। इसके बाद कैलाश खेर ने बांकेबिहारी मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना की और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। कैलाश खेर का महाराज जी के आशीर्वचन लेने और बम लहरी गाने का वीडियाे तेजी से वायरल हाे रहा है।
उल्लेखनीय है कि संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए केवल आम श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि देश की बड़ी हस्तियां भी लगातार वृंदावन पहुंच रही हैं। कैलाश खेर से पहले भी कई नामचीन हस्तियां यहां हाजिरी लगा चुकी हैं। अभी हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी महाराज जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया था। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली व उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा भी आश्रम के नियमित आगंतुकों में शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार