कोलकाता पुलिस के डीसी शांतनु सिन्हा विश्वास को ईडी ने किया गिरफ्तार

युगवार्ता    15-May-2026
Total Views |
शांतनु सिन्हा विश्वास


कोलकाता, 15 मई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोना पाप्पू मामले में लंबी पूछताछ के बाद कोलकाता पुलिस के उपायुक्त (डीसीपी) शांतनु सिन्हा विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। केंद्रीय एजेंसी ने गुरुवार रात उन्हें हिरासत में लिया। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

शुक्रवार सुबह ईडी के एक अधिकारी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि वह जांच में पूरी तरह से असहयोग कर रहे थे जिसकी वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह से ही कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में शांतनु सिन्हा विश्वास से पूछताछ की जा रही थी। लगभग साढ़े 10 घंटे तक चली पूछताछ के बाद रात करीब 10 बजे उनकी गिरफ्तारी की गई।

ईडी इससे पहले भी सोना पाप्पू मामले में पूछताछ के लिए शांतनु को कई बार तलब कर चुकी थी। आरोप है कि वह लगातार समन से बचते रहे। जांच एजेंसी ने उनके आवास पर तलाशी अभियान भी चलाया था। बताया जा रहा है कि कोलकाता और दिल्ली स्थित ईडी कार्यालयों की ओर से भी विभिन्न मामलों में उन्हें बुलाया गया था। एक मामले में समन मिलने के बाद उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख भी किया था।

लगातार पूछताछ से बचने के कारण ईडी ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें। जांच एजेंसी के सूत्रों का दावा है कि सोना पाप्पू और उसके करीबी लोगों के साथ शांतनु के कुछ वित्तीय लेनदेन के संबंध मिले हैं। वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार कारोबारी जय कामदार से बरामद दस्तावेजों में भी शांतनु का नाम सामने आया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ईडी ने पाप्पू मामले की जांच के सिलसिले में फर्न रोड स्थित शांतनु सिन्हा विश्वास के घर पर छापेमारी की थी। यह अभियान सुबह से शुरू होकर देर रात तक चला था। तलाशी के दौरान शांतनु सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे। इसके अगले दिन ईडी ने शांतनु तथा उनके दोनों पुत्रों सायंतन और मनीष को सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उपस्थित होने के लिए बुलाया था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे थे।

इसके अलावा अप्रैल में ईडी ने उन्हें बालू तस्करी मामले की जांच में भी तलब किया था। हालांकि, उस समय वह स्वयं उपस्थित नहीं हुए थे और उनकी ओर से उनके वकील ईडी कार्यालय पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अन्य कार्यों में व्यस्तता का हवाला देकर एजेंसी से समय मांगा था। विधानसभा चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद गुरुवार को वह ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags