यूपी स्टेट टेनिस प्रतियोगिता में चमकी मुरादाबाद की प्रार्थना

युगवार्ता    16-May-2026
Total Views |
प्रार्थना को सम्मानित करते हेड कोच आशीष श्रीवास्तव


मुरादाबाद, 16 मई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर की बेटी प्रार्थना सिंह ने यूपी स्टेट टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। बरेली क्लब में हुए मुकाबलों में सेकंड रनरअप का खिताब हासिल किया। बरेली क्लब में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुरादाबाद, बनारस, बरेली, शाहजहांपुर, नोएडा समेत विभिन्न शहरों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले हुए।

मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में अभ्यास करने वाली कांशीरामनगर निवासी प्रार्थना सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सेकंड रनरअप का स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में पहला स्थान बनारस की खिलाड़ी ने प्राप्त किया। प्रार्थना की इस उपलब्धि से परिवार और शहर में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को हेड कोच आशीष शर्मा और जूनियर कोच अर्पित श्रीवास्तव का मार्गदर्शन मिला। कोचों ने प्रार्थना के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उसने पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ खेल दिखाया।

कांशीराम नगर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद शर्मा और संस्थापक अजय दिवाकर ने भी प्रार्थना सिंह को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रार्थना के पिता सोमेंद्र चौधरी और माता अंजू चौधरी ने बेटी की सफलता पर खुशी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags