यूरोविजन फाइनल से पहले इजराइल की भागीदारी का विरोध तेज, वियना में प्रदर्शन

युगवार्ता    16-May-2026
Total Views |

वियना, 16 मई (हि.स.)। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में अंतरराष्ट्रीय सिंगिंग प्रतियोगिता 'यूरोविजन' के फाइनल से पहले इजराइल की भागीदारी को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। सैकड़ों प्रदर्शनकारी फिलिस्तीनी झंडे लेकर सड़कों पर उतरे और प्रतियोगिता में इजराइल को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि वर्ष 2022 में रूस को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण प्रतियोगिता से बाहर किया गया था, तो इजराइल पर भी समान मानदंड लागू होने चाहिए। उनका आरोप है कि ऐसे समय में इजराइल को मंच देना गलत संदेश दे सकता है।

विरोध कर रहे समूहों का मानना है कि सांस्कृतिक आयोजनों को वैश्विक परिस्थितियों और मानवीय मुद्दों से अलग करके नहीं देखा जा सकता। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न संगठनों और सामाजिक समूहों की ओर से भी आवाज उठाई गई है।

दूसरी ओर, प्रतियोगिता आयोजित करने वाली संस्था का कहना है कि यूरोविजन एक गैर-राजनीतिक मंच है और इसका उद्देश्य केवल संगीत और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता को राजनीतिक विवादों से अलग रखना उनकी प्राथमिकता रही है।

रिपोर्टों के अनुसार, इस बार कुछ बड़े टीवी प्रसारकों ने प्रतियोगिता के बहिष्कार का फैसला किया है और अपने कलाकारों को कार्यक्रम में नहीं भेजा है। इससे आयोजन के आसपास विवाद और चर्चा दोनों बढ़ गए हैं।

इस बीच इजराइल की प्रतिनिधि नोवा बैटन प्रतियोगिता की प्रमुख दावेदारों में मानी जा रही हैं। पिछले वर्ष भी इजराइल को दर्शकों से उल्लेखनीय समर्थन मिला था।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags