राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

युगवार्ता    17-May-2026
Total Views |
कोच में आग


कोटा, 17 मई (हि.स.)। राजधानी एक्सप्रेस की त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में रविवार सुबह आग लग गई। हादसा कोटा मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच मध्य प्रदेश क्षेत्र में सुबह करीब 5.15 बजे हुआ। आग ट्रेन के बी-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ यात्रियों का सामान आग में जल गया।

पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि बी-1 कोच में 68 यात्री सवार थे। आग लगने की जानकारी सबसे पहले गार्ड ने लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया। लगभग 15 मिनट में पूरे कोच को खाली करा लिया गया, लेकिन कुछ ही देर में आग पूरे कोच में फैल गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन रविवार सुबह करीब 3.45 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और इसका अगला निर्धारित ठहराव कोटा जंक्शन था। राजस्थान में प्रवेश से पहले विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के निकट एसी कोच में लगी आग कुछ मिनटों में लगेज कोच तक पहुंच गई। लगेज कोच में यात्रियों का सामान रखा हुआ था, जो आग में जल गया। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल यातायात रोक दिया गया। ट्रेन की बिजली सप्लाई काटकर प्रभावित कोचों को अलग किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में यात्रियों को अन्य कोचों में शिफ्ट कर ट्रेन को करीब साढ़े चार घंटे बाद कोटा के लिए रवाना किया गया।

पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिल कालरा ने बताया कि घटना के कारण आठ से दस ट्रेनें प्रभावित हुईं। सुबह करीब 9.30 बजे ट्रैक पर यातायात पुनः शुरू कर दिया गया था। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

राजधानी एक्सप्रेस दोपहर 1.15 बजे कोटा जंक्शन पहुंची। यहां बी-1 कोच के यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सामान के नुकसान की भरपाई की मांग की। रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों को पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रयास किया गया, हालांकि कुछ यात्रियों ने इसे लेने से इनकार कर दिया और एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। बाद में डीआरएम स्वयं यात्रियों के साथ जीआरपी थाने पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 29 अप्रैल को धौलपुर में दुर्ग-लुधियाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Tags