

रायसेन, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन में भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तरीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का रविवार को समापन हुआ। समापन सत्र में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन में उनकी भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। कार्यकर्ता ही संगठन की नींव का पत्थर होता है और जब नींव मजबूत होती है तो संगठन को कोई चुनौती कमजोर नहीं कर सकती।
“भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन का प्राण”
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा के कारण बनी है। उन्होंने रायसेन भाजपा संगठन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ता अनुशासन और समर्पण के साथ काम करते हैं। उन्होंने कहा, “संगठन हो तो रायसेन जैसा हो”, जहां हर कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी और समाज के लिए काम कर रहा है।
योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इन योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रदर्शनी का अवलोकन, नेताओं का हुआ स्वागत
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने प्रशिक्षण वर्ग में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन, भोपाल संभाग प्रभारी तेज बहादुर सिंह, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह और जिला प्रभारी राजो मालवीय सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए विभिन्न विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें संगठन, विचारधारा और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे