
नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (ग्रैप) का पहला चरण लागू कर दिया है। यह फैसला दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के 208 पहुंचने के बाद लिया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
आयोग की उपसमिति ने मंगलवार को बैठक कर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता और मौसम विभाग (आईएमडी) एवं आईआईटीएम के पूर्वानुमान की समीक्षा की। रिपोर्ट में बताया गया कि आने वाले दिनों में भी एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
पूरे एनसीआर में तुरंत लागू होंगे नियमः
आयोग ने निर्देश दिया है कि पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप स्टेज-I के तहत सभी प्रतिबंध और उपाय तुरंत प्रभाव से लागू किए जाएं। संबंधित एजेंसियों को निगरानी बढ़ाने और प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रैप चरण-I की पांबदियों और उपायों में सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण के कड़े इंतजाम, निर्माण स्थलों पर नियमों का पालन अनिवार्य, खुले में कचरा जलाने पर सख्त कार्रवाई, डीजल जनरेटर के उपयोग पर निगरानी बढ़ाना शामिल है। सीएक्यूएम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे ग्रैप के तहत जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रदूषण कम करने में सहयोग दें।
आयोग ने कहा कि वह लगातार वायु गुणवत्ता पर नजर रखे हुए है और स्थिति बिगड़ने पर आगे के चरणों के प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी