
कोलकाता, 19 मई (हि. स.)। कोलकाता नगर निगम ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़े दो पते पर अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है। इनमें एक नोटिस अभिषेक की मां लता बनर्जी के नाम पर भेजा गया है, जबकि दूसरा नोटिस ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ नामक संस्था को जारी किया गया है, जिसे अभिषेक बनर्जी से जुड़ा संगठन माना जाता है।
नगर निगम के भवन विभाग की ओर से ये दोनों नोटिस कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 1980 की धारा 400(1) के तहत जारी किए गए हैं। इस धारा के तहत नगर आयुक्त को किसी भवन में स्वीकृत नक्शे से अलग बने अवैध हिस्से को तोड़ने या निर्माण कार्य रोकने का अधिकार प्राप्त है। हालांकि कार्रवाई से पहले संपत्ति मालिक को नोटिस देना अनिवार्य है। नोटिस में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 73 स्थित 121 कालीघाट रोड और 188ए हरिश मुखर्जी रोड का उल्लेख किया गया है।
नगर निगम ने दावा किया है कि इन दोनों संपत्तियों में स्वीकृत योजना से बाहर निर्माण किया गया है। नोटिस में सात दिनों के भीतर अवैध हिस्सों को हटाने का निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि यदि संपत्ति मालिक स्वयं निर्माण नहीं हटाते हैं तो उन्हें यह बताना होगा कि नगर निगम कार्रवाई क्यों न करे।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो सात दिन से कम समय के नोटिस पर निगम स्वयं अवैध निर्माण ध्वस्त करेगा और इस कार्रवाई का खर्च संबंधित संपत्ति मालिक से वसूला जाएगा। इसके अलावा भवन का स्वीकृत नक्शा, निर्माण योजना और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने को भी कहा गया है।
गौरतलब है कि शनिवार को फलता में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीधे तौर पर डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों पर निशाना साधा था। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने कोलकाता नगर निगम से अभिषेक की संपत्तियों की सूची मंगवाई है। शुभेंदु ने आरोप लगाया था कि ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ की कोलकाता में 24 संपत्तियां हैं और आमतला में महलनुमा कार्यालय बनाया गया है। उन्होंने कहा था कि इन सभी का हिसाब लिया जाएगा।
शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच के दौरान ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ का नाम कई बार सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि इस संस्था के माध्यम से करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के पैसे का लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग की गई। इसी सिलसिले में अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए तलब भी किया जा चुका है।----
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर